top of page

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पैरवी सफल, ₹1105 करोड़ से बदलेगी ऋषिकेश की ट्रैफिक तस्वीर

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 1 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन

देहरादून/ऋषिकेश, 31 मार्च (वार्ता)। उत्तराखंड में सड़क ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने मंगलवार को ऋषिकेश बाईपास 4-लेन परियोजना को ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के फलस्वरूप सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से इस परियोजना को तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी मिली है।


यह बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर से खरासोटे पुल तक विकसित किया जाएगा। लगभग 12.67 किलोमीटर लंबी यह परियोजना भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगी। निर्माण कार्य EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन) मोड पर किया जाएगा और इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही चारधाम यात्रा और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी, जिससे प्रदेश के आर्थिक विकास को बल मिलेगा।


मंत्रालय के अनुसार, परियोजना की प्रारंभिक लागत ₹1151.18 करोड़ थी, जिसे संशोधित कर ₹1139.40 करोड़ किया गया और अंततः ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई। कार्य में किसी भी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। परियोजना के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।


यह परियोजना वित्त वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान (GBS) के अंतर्गत संचालित होगी। इसके पूर्ण होने के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

 
 
bottom of page