एनएसएस शिविर में डॉ. राजे नेगी का संदेश—मोबाइल नहीं, मैदान चुनें बच्चे
ऋषिकेश। हरिद्वार रोड स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर एकदिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने श्रमदान कर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और साफ-सफाई के साथ स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं के स्वागत गान से हुआ। बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विद्यार्थियों को मोबाइल के बढ़ते उपयोग के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल स्क्रीन में समय बिताने के बजाय खेल के मैदान में अधिक समय देना चाहिए। उन्होंने ‘मोबाइल नहीं, मैदान चुनें’ का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों को नेत्र स्वास्थ्य, आंखों की देखभाल और मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाली शारीरिक व मानसिक समस्याओं की जानकारी दी।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजीव चौधरी ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और जनजागरूकता विकसित करना है। उन्होंने स्वच्छ परिसर और स्वस्थ समाज के लिए सामूहिक सहभागिता को जरूरी बताया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, उप प्रधानाचार्य एवं एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह, एसपी बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, विकास नेगी, अजय कुमार, संजीव कुमार, रंजन अंथवाल, जयकृत रावत, ज्योति शर्मा, शालिनी कपूर सहित शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।







