बाल कृष्ण की लीलाओं से कंस वध तक, एसजीआरआरयू में सजी कृष्ण की भव्य झांकियां
- Uttarakhandnews Network
- 6 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। विश्वविद्यालय के हेलीपैड ग्राउंड पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भजन-कीर्तन और दही-हांडी ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर देर तक ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंजता रहा। हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के लिए हेलीपैड ग्राउंड को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर माखन चोरी, रासलीला, गोवर्धन पर्वत धारण और कंस वध जैसे प्रसंगों को झांकियों और नृत्य-नाटिकाओं के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शक भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक आकर्षण विश्वविद्यालय के गोविंदाओं की दही-हांडी प्रस्तुति रही। छात्र-छात्राओं ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी तो हेलीपैड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। गोविंदाओं के उत्साह और जोश ने पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर दी।
भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों ने समारोह को आध्यात्मिक रंग दे दिया। ‘अच्युतम केशवम’ और ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ जैसे भजनों पर छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी भक्तिभाव में डूबे नजर आए। आकर्षक वेशभूषा, सुंदर मंचन और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विश्वविद्यालय परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लाए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना और मजबूत हो।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेसिडेंट के सलाहकार विपिन चंद घिल्डियाल, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, डॉ. सोनिका कंडारी, डॉ. मालविका कांडपाल एवं डॉ. अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विश्वविद्यालय प्रांगण से शुरू हुई जन्मोत्सव की धूम हेलीपैड ग्राउंड तक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान लड्डू गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना कर विश्व में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की गई। समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







