इन्दिरेश अस्पताल की पहल रंग लाई, दो महिला सफाईकर्मियों से मारपीट मामले में आरोपी कानून के शिकंजे में
- Uttarakhandnews Network
- 3 दिन पहले
- 2 मिनट पठन
देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में कार्यरत दो महिला सफाई कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट, जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पक्ष के खिलाफ पुलिस को शिकायत उपलब्ध कराई गई। इसके बाद पटेल नगर थाना पुलिस ने कृष्णा हाउसकीपिंग के संचालक दीपक जायसवाल, विनोद नौटियाल सहित छह आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में कृष्णा हाउसकीपिंग के चार सुपरवाइजरों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस को दी गई तहरीर में अस्पताल की सफाई कर्मचारी मंजीत कौर एवं गीता देवी ने आरोप लगाया है कि कृष्णा हाउसकीपिंग के संचालक दीपक जायसवाल और विनोद नौटियाल के कहने पर 5-6 महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की तथा जानलेवा हमला किया। पीड़िताओं का आरोप है कि घटना के दौरान उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे वे भयभीत हैं।
शिकायत में दोनों महिलाओं ने आरोपियों से भविष्य में भी अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद दोनों महिलाएं मानसिक रूप से आहत और डरी हुई बताई जा रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेल नगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल प्रबंधन ने महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित एजेंसियों के साथ सहयोग करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि परिसर में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसा को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







