top of page

हनुमान अंश’ पर घोषणा के बाद भी शासनादेश नहीं, राजे नेगी बोले- जल्द लागू हो फैसला

लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
Uttarakhandnews Network
12 मिनट पहले
1 मिनट पठन

ऋषिकेश। आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक फीचर फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री किए जाने को लेकर अब शासनादेश जारी करने की मांग तेज हो गई है। अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बावजूद फिल्म को अब तक टैक्स फ्री किए जाने का औपचारिक शासनादेश जारी नहीं होने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा का श्रद्धालुओं, फिल्म प्रेमियों और सनातन समाज ने स्वागत किया था, लेकिन घोषणा के बाद भी शासनादेश जारी नहीं होने से लोगों में निराशा है।


डॉ. राजे नेगी ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ केवल मनोरंजन पर आधारित फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और बाबा नीम करौली जी महाराज की प्रेरणादायी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने वाली आध्यात्मिक फिल्म है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राज्य में ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।


उन्होंने प्रदेश सरकार से मुख्यमंत्री की घोषणा को शीघ्र अमल में लाते हुए फिल्म को तत्काल टैक्स फ्री करने का शासनादेश जारी करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इससे फिल्म को अधिक से अधिक परिवारों और दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।


बाबा नीम करौली जी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. नेगी ने कहा कि बाबा का प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से बाबा के आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव, करुणा और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

 
 
bottom of page