top of page

SGRR में खेल प्रतिभाओं का दमदार प्रदर्शन, मैनेजमेंट की टीम ने रचा जीत का इतिहास

लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
Uttarakhandnews Network
1 घंटे पहले
2 मिनट पठन

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) के खेलोत्सव-2026 में शनिवार को क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज का दबदबा देखने को मिला। टीम ने क्रिकेट के बालिका वर्ग के साथ बास्केटबॉल के बालक और बालिका दोनों वर्गों में खिताब अपने नाम कर विश्वविद्यालय में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।


क्रिकेट के बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कूल ऑफ नर्सिंग के सामने 50 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्सिंग की टीम छह विकेट खोकर महज 35 रन ही बना सकी। इस तरह मैनेजमेंट की टीम ने 15 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शानदार गेंदबाजी करते हुए भावना ने तीन विकेट हासिल किए। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी मैनेजमेंट की टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। बालिका वर्ग के बेहद करीबी मुकाबले में मैनेजमेंट ने स्कूल ऑफ नर्सिंग को 10-9 से पराजित कर खिताब जीता। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को 16-15 से शिकस्त देकर मैनेजमेंट ने एक और ट्रॉफी अपने नाम की।


उधर, वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ नर्सिंग ने स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज को 15-14 और 15-3 से हराकर जीत दर्ज की। बालक वर्ग में स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ केयर की टीम ने शानदार वापसी करते हुए स्कूल ऑफ मैनेजमेंट को 18-21, 21-18 और 15-7 से पराजित कर खिताबी मुकाबला अपने नाम किया।


इससे पूर्व प्रतियोगिताओं का शुभारंभ एसबीआई की पथरी बाग शाखा के प्रबंधक हिमांशु रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर खेलोत्सव-2026 के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव एसपी जोशी सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 
 
bottom of page