top of page

श्री दरबार साहिब से गूंजा गुरु महिमा का संदेश, गुरु के आदर्शों को जीवन में अपनाने का हुआ आह्वान

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 1 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

देहरादून। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री दरबार साहिब में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। देश-विदेश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु एवं संगतें श्री दरबार साहिब पहुंचीं और श्री गुरु राम राय जी महाराज के श्रीचरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि तथा लोककल्याण की कामना की। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन, अरदास और गुरु स्मरण से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं अरदास संपन्न कर संगतों को पावन दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने श्री झंडे जी पर मत्था टेककर अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की और गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया।


अपने प्रेरक उद्बोधन में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने ब्रह्मलीन गुरु श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान के दाता नहीं, बल्कि सत्य, सेवा, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाले दिव्य प्रकाश हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का सानिध्य व्यक्ति के जीवन को संस्कार, सदाचार और आत्मविश्वास से आलोकित करता है।


उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने, सेवा, विनम्रता और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। वर्तमान समय में समाज को प्रेम, सद्भाव, संयम और आध्यात्मिक चेतना की आवश्यकता है तथा गुरु की शिक्षाएं व्यक्ति को समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।


गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में श्री दरबार साहिब परिसर में विशेष लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण बना रहा।

 
 
bottom of page