शहीदों के त्याग और संघर्ष को नमन, समृद्ध उत्तराखंड का संकल्प: सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हो सका। राज्य निर्माण में उनके योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का बलिदान प्रदेशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों और शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।







