गांधी-शास्त्री के विचारों से प्रेरित होगा एमडीडीए, बीडी तिवारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जनसेवा का मंत्र
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके जीवन आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। गांधी जी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताया था। उनके आदर्शों को व्यवहार में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका 'जय जवान, जय किसान' का नारा देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र में किसानों के योगदान के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के जीवन से त्याग, अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्राधिकरण के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।







