top of page

ग्रीन ट्रांसपोर्ट की ओर देहरादून, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में डीएम सविन बंसल ने जोड़ी आधुनिक ईवी मिनी बसों की सौगात

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 28 दिस॰ 2025
  • 1 मिनट पठन

देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून जिला प्रशासन शहर को जाम मुक्त और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर शीघ्र ही देहरादून में आधुनिक 13 सीटर मिनी ईवी शटल बस सेवा शुरू की जाएगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि परेड ग्राउंड एवं तिब्बती मार्केट स्थित ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ईवी शटल सेवा शुरू की जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन ने एडॉर्न एजेंसी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। प्रथम चरण में पांच आधुनिक इलेक्ट्रिक मिनी बसें खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहर में यातायात दबाव कम हो, आमजन को बेहतर पार्किंग सुविधा मिले और हरित परिवहन को बढ़ावा दिया जाए। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा संबंधित विभागों के साथ वर्चुअल बैठक कर बस स्टॉपेज, चार्जिंग स्टेशन, रूट चार्ट एवं संचालन व्यवस्था को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले नागरिकों को ईवी शटल बसों से निःशुल्क आवागमन सुविधा दी जाएगी, जबकि आम जनता के लिए न्यूनतम किराया निर्धारित किया जाएगा। पल्टन बाजार, राजपुर रोड, सचिवालय मार्ग सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में 10 ड्रॉप-पिकअप प्वाइंट बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देहरादून में परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और कोरोनेशन क्षेत्र में ऑटोमेटेड पार्किंग विकसित की गई है। पहले से संचालित ‘फ्री सखी कैब सेवा’ के बाद अब ईवी मिनी शटल बस सेवा से शहर को स्मार्ट, सुगम और ग्रीन ट्रांसपोर्ट की नई पहचान मिलेगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसीईओ स्मार्ट सिटी तीरथ पाल सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
bottom of page