top of page

देवभूमि की अस्मिता पर सख्त रुख: धामी के फैसलों से बदला सिस्टम

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 9 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर परेड ग्राउंड में आयोजित “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दमदार अंदाज में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और भविष्य की दिशा स्पष्ट की। अपने संबोधन में “धुरंधर धामी” के रूप में उभरते मुख्यमंत्री ने विकास, पारदर्शिता और सख्त फैसलों के दम पर राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का दावा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने चार वर्ष पूर्व जो विश्वास जताया था, उस पर सरकार खरा उतर रही है। उन्होंने दोहराया कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प तेजी से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “उत्तराखंड का दशक” वाले विजन को आधार बताते हुए कहा कि राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है। पहली बार जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट जैसे बड़े आयोजनों ने उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाई है।

धामी ने बताया कि 3.76 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ से अधिक जमीन पर उतर चुके हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना वृद्धि, जीएसडीपी में 7.23% उछाल और प्रतिव्यक्ति आय में 41% बढ़ोतरी को उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, स्टार्टअप तेजी से बढ़े हैं और 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। वहीं रिवर्स पलायन में 44% की वृद्धि दर्ज होना राज्य के लिए सकारात्मक संकेत है।

मुख्यमंत्री ने सख्त नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि अब युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लगी है और 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। साथ ही 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं।

देवभूमि की अस्मिता को लेकर धामी ने स्पष्ट कहा कि धर्मांतरण विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और समान नागरिक संहिता जैसे फैसले राज्य के सांस्कृतिक स्वरूप की रक्षा के लिए लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है और “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत ठगों पर सख्त कार्रवाई की गई है।

 
 
bottom of page