top of page

डिजिटल इंडिया मिशन को देहरादून से बल, DM सविन बंसल ने बदली एनआईसी की तस्वीर

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 2 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

देहरादून। देहरादून जिला प्रशासन ने डिजिटल इंडिया मिशन को नई मजबूती देते हुए कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) कार्यालय का आधुनिक स्वरूप में कायाकल्प किया है। शनिवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने नव-नवीनीकृत कार्यालय परिसर का उद्घाटन कर डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।


डीएम सविन बंसल के विशेष प्रयासों से एनआईसी कार्यालय को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। कार्यालय में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित तकनीकी स्टाफ और ऑपरेटरों के लिए बेहतर कार्यस्थल, उन्नत संसाधन और आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि सरकारी डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता और गति में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।


उद्घाटन अवसर पर डीएम सविन बंसल ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्था की मजबूत रीढ़ है। कार्यालय के सुदृढ़ीकरण से ई-गवर्नेंस प्रणाली को नई गति मिलेगी तथा विभिन्न विभागों के कार्यों का संचालन अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्यों में भी यह आधुनिक व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित होगी।


एनआईसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सुविधाओं से कार्य निष्पादन में तेजी और सरलता आएगी। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने कहा कि शासन की डिजिटल सेवाएं अब अधिक दक्षता और पारदर्शिता के साथ आम जनता तक पहुंच सकेंगी, जिससे नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।


कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

 
 
bottom of page