top of page

गुंडा एक्ट से लेकर आर्थिक मदद तक—डीएम ने फरियादियों की समस्याओं पर लिया तुरंत एक्शन

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 15 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें कई मामलों में जिलाधिकारी ने मौके पर ही राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी पुत्री विदुषी, जो कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण स्कूल की फीस जमा नहीं कर सकी, जिसके चलते विद्यालय प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत फीस जमा कराने के निर्देश दिए।

जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने दुर्घटना में पैर क्षतिग्रस्त होने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल को भी आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए उनके 12 वर्षीय दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत चार हजार रुपये प्रतिमाह सहायता स्वीकृत की गई।

तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने वर्ष 2017 में सड़क निर्माण के दौरान खेतों में पड़े मलबे और क्षतिग्रस्त नहर की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को 12 मार्च तक समस्या के समाधान की लिखित समयसीमा तय करने के निर्देश दिए।

गढ़ीकैंट निवासी एक बुजुर्ग ने बेटे की गुंडागर्दी से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने गुंडा एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं धर्मपुर के एक बुजुर्ग दंपति की बहू द्वारा प्रताड़ना के मामले में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

इसके अलावा राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा के 34 हजार रुपये के पेयजल बिल का सटलमेंट कर शेष राशि का भुगतान रायफल फंड से करने की स्वीकृति भी दी गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले असहाय, बुजुर्ग, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाना और समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
bottom of page