top of page

गुरुकुल कांगड़ी फिर बना उत्कृष्टता का केंद्र, छात्र ने GATE में किया शानदार प्रदर्शन

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 6 घंटे पहले
  • 1 मिनट पठन

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र बनकर उभरा है। विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के बी.टेक (तृतीय वर्ष) विद्युत अभियांत्रिकी के छात्र अथर्व सुनिया ने प्रतिष्ठित GATE 2026 में अखिल भारतीय स्तर पर 266वीं रैंक हासिल कर संस्थान का नाम देशभर में रोशन कर दिया है।

अथर्व की इस सफलता से विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल है। यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है, बल्कि गुरुकुल कांगड़ी की उच्च स्तरीय शिक्षा व्यवस्था और मार्गदर्शन की भी झलक पेश करती है। विद्युत अभियांत्रिकी जैसे कठिन विषय में यह स्थान प्राप्त करना उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है।

कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने इसे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि अथर्व ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई पहचान दी है। वहीं कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमांकार ने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने बताया कि गुरुकुल कांगड़ी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करता है।

अथर्व ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता की कुंजी रहे हैं।

 
 
bottom of page