top of page

शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने निकला नगर निगम ऋषिकेश, बाजारों में मचा हड़कंप

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 27 फ़र॰
  • 1 मिनट पठन

ऋषिकेश। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ऋषिकेश की टीम ने शुक्रवार को विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त के निर्देश पर तिलक रोड, हरिद्वार रोड, वीरभद्र रोड, एम्स रोड और शिवाजी नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित फूड वैन और ठेलियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान 2 फूड वैन, 2 फूड कार्ट, 1 काउंटर और 4 ठेलियों को जब्त किया गया। जब्त की गई दोनों फूड वैन को नगर निगम परिसर लाकर आगे की कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त के निर्देश पर आरटीओ टीम को मौके पर बुलाया गया और दोनों फूड वैन को विधिक कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेज दिया गया।


नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान अब नियमित रूप से चलाया जाएगा। अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अभियान में सफाई निरीक्षक संतोष गोसाई और अभिषेक मल्होत्रा के नेतृत्व में सफाई नायक राहुल, शुभम, नीरज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम की इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था सुचारू हुई।

 
 
bottom of page