top of page

डीएम सविन बंसल के नेतृत्व में भव्य स्वागत की तैयारी, रूट पर दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 3 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।


प्रधानमंत्री के भ्रमण मार्ग को आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक 13 जोन में विभाजित किया गया है, जहां जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। डीएम ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ करें, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।


प्रशासन को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के स्वागत में हजारों की संख्या में आमजन स्वैच्छिक रूप से मार्ग पर उपस्थित रहेंगे। इसे देखते हुए पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। डीएम ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां आमजन के बैठने, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, हल्के जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी।


प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देहरादून के भ्रमण मार्ग पर सांस्कृतिक दलों द्वारा लोक परंपराओं और वाद्य यंत्रों के साथ भव्य प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिससे पूरे आयोजन में उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान की झलक देखने को मिलेगी।


बैठक में नगर निगम और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

 
 
bottom of page