संवेदनशील मामलों में संयम जरूरी, भाजपा ने कांग्रेस को दी नसीहत
- Uttarakhandnews Network
- 5 जन॰
- 1 मिनट पठन
ऋषिकेश। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस पार्टी पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश में कांग्रेस का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील और दुखद है, जिस पर राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी करना अनुचित है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकरण को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और न्यायिक प्रक्रिया अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही है।
भाजपा महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में सभी दलों को संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए, न कि राजनीति कर समाज में भ्रम फैलाना चाहिए।
वहीं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता नयाल ने कहा कि बेटियों के सम्मान और न्याय से जुड़ा यह विषय बेहद गंभीर है और इस पर किसी भी तरह की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला समाज इस मुद्दे पर पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ खड़ा है तथा कांग्रेस को इस विषय पर राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए।







