top of page

ऋषिकेश रोटरी क्लासिक: युवा प्रतिभाओं और जरूरतमंदों के लिए नई रोशनी

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 9 अप्रैल
  • 2 मिनट पठन

ऋषिकेश। हरिद्वार रोड स्थित एक सुसज्जित होटल में आयोजित रोटरी ऋषिकेश क्लासिक क्लब का प्रथम स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के नए संकल्प का जीवंत उद्घोष बनकर सामने आया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों और रोटरी परिवार के सदस्यों ने मिलकर समाजहित के एक नए अध्याय की शुरुआत को साक्षी बनाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें डिस्ट्रिक्ट 3080 के डिस्टिक गवर्नर रो. रवि प्रकाश, डिस्टिक सचिव रो. पंकज पाण्डेय, नव-नियुक्त अध्यक्ष रो. संजय सकलानी एवं सचिव रो. विजय रावत शामिल रहे। दीप की लौ के साथ ही सेवा के संकल्पों की एक नई ज्योति भी प्रज्वलित हुई।


अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि रो. रवि प्रकाश ने रोटरी क्लासिक की नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, और रोटरी इसी भावना का सशक्त माध्यम है।” उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


नवनियुक्त अध्यक्ष रो. संजय सकलानी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लासिक का मूल उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि उन लोगों तक पहुंच बनाना है जो संसाधनों के अभाव में जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों और शैक्षिक सहायता के माध्यम से जरूरतमंदों को संबल देने की प्रतिबद्धता दोहराई।


सचिव रो. विजय रावत ने क्लब की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी क्लासिक समाज के उन उभरते सितारों को पहचानने और सम्मानित करने का कार्य करेगा, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा से नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहन देना क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।


कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया, जो भारतीय संस्कृति की गरिमा और सम्मान की भावना का प्रतीक रहा।


इस अवसर पर असिस्टेंट गवर्नर रो. विकास गर्ग, रो. अनुराग शर्मा, रो. रवि कौशल, रोटरी सेंट्रल के अध्यक्ष हिमांशु रावत, सचिव नकुल त्यागी, रोटरी दिवास की अध्यक्षा रो. शुभांगी रैना, सचिव रो. माधवी गुप्ता, रोटरी ऋषिकेश के सदस्य रो. डॉ. संदीप रैना, रो. डॉ. अरुण शर्मा सहित अनेक  सदस्य उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रो. डॉ. राज नेगी द्वारा किया गया,जो इस सफल आयोजन की गरिमामयी परिणति बना।

 
 
bottom of page