रचनात्मकता और नेतृत्व का मंच बना SGRRU, सांस्कृतिक सप्ताह में उमड़ा छात्र उत्साह
- Uttarakhandnews Network
- 9 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन
देहरादून।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU), देहरादून में विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। पूरे सप्ताह विश्वविद्यालय परिसर सांस्कृतिक ऊर्जा, रचनात्मकता और उत्साह से सराबोर नजर आया।
समापन दिवस पर आयोजित पाक कला प्रतियोगिता (फूड फेस्ट) आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विद्यार्थियों ने पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों की सुंदर प्रस्तुति व सशक्त अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों ने भी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच की मुक्त कंठ से सराहना की।
सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, रंगोली एवं फूड फेस्ट जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 07 फरवरी को विश्वविद्यालय के पटेल नगर कैंपस स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में सभी प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं, जिनके परिणाम समापन अवसर पर घोषित किए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि SGRRU में शिक्षा को केवल अकादमिक सीमाओं तक नहीं रखा गया है, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, सृजनशील और नेतृत्वक्षम नागरिक बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि SGRRU अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी छात्रों को आगे बढ़ने के व्यापक अवसर उपलब्ध कराता है। ऐसे आयोजनों से छात्रों में अनुशासन, संगठन क्षमता और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।
डीन, स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम अनिवार्य हैं। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के दौरान सभी प्रतियोगिताओं में छात्रों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सांस्कृतिक समिति एवं कल्चरल कमेटी के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







