top of page

संसद से मंत्रालय तक गूंजी बापूग्राम की पुकार, भाजपा बनी जनता की आवाज़

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 2 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

ऋषिकेश। बापूग्राम क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे वन विभाग भूमि विवाद को लेकर अब समाधान की दिशा में ठोस पहल होती दिखाई दे रही है। ऋषिकेश की जनता के हित में भारतीय जनता पार्टी ने इस ज्वलंत मुद्दे को संसद से लेकर केंद्र सरकार तक पूरी गंभीरता के साथ उठाया है।



मंगलवार को राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सदन में बापूग्राम क्षेत्र के हजारों परिवारों को स्थायित्व प्रदान करने और क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग को प्रभावशाली ढंग से रखा। उन्होंने सदन को बताया कि पिछले लगभग सात दशकों से लोग इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं और यहां से नगर निगम को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद जनता आज भी असमंजस और असुरक्षा की स्थिति में जीवन यापन कर रही है।



सांसद ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सरकार की अनेक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिससे यह सिद्ध होता है कि बापूग्राम न केवल आबादी वाला क्षेत्र है बल्कि प्रशासनिक और विकासात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में जनता को स्थायित्व देना सरकार का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।

इसी क्रम में हरिद्वार लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक राजेश जुगरान के साथ एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग रखी।



लगातार संसद और केंद्र स्तर पर उठ रही आवाज़ों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ऋषिकेश और बापूग्राम की जनता की समस्याओं को लेकर न केवल संजीदा है, बल्कि उन्हें स्थायी समाधान दिलाने के लिए निर्णायक भूमिका निभा रही है। जनता के हित में पार्टी की यह सक्रियता अब सकारात्मक परिणाम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।

 
 
bottom of page