श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन, ऑस्ट्रेलिया में करेगा प्रतिभाग
- Uttarakhandnews Network
- 2 दिन पहले
- 2 मिनट पठन
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के एनसीसी कैडेट गणेश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब गणेश ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि गणेश को हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया था और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। उन्होंने इसे विद्यालय, ऋषिकेश और पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण बताया।
विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सीनियर एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल हुई है। एनसीसी के विशेष योग प्रशिक्षण अभ्यास के माध्यम से किसी छात्र का इस स्तर पर चयन होना पहली बार बताया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र ऑस्ट्रेलिया में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करेगा।
विद्यालय के योगाचार्य जगदंबा प्रसाद थपलियाल ने कहा कि छात्रों को अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है और गणेश का यह चयन इसी निरंतर प्रयास और मार्गदर्शन का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर 31 यूके बटालियन हरिद्वार के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ललित पंवार ने सीनियर एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह और कैडेट गणेश को शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कैडेट अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि वास्तव में बहुत बड़ी उपलब्धि है।
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय योगा चैंपियनशिप 16 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होगी, जिसमें गणेश प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। कार्यक्रम में एनसीसी इकाई से जुड़े प्रशिक्षक एवं शिक्षकगण, जिनमें विकास नेगी, जयकृत सिंह रावत, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अंथवाल, जितेंद्र बिष्ट और प्रवीण रावत सहित अन्य उपस्थित रहे, ने छात्र को शुभकामनाएं दीं।







