top of page

ऋषिकेश में गरबा-डांडिया के जरिए संस्कृति का उत्सव, चमन सिंह पोखरियाल और डॉ. राजे नेगी रहे मौजूद

लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
Uttarakhandnews Network
4 घंटे पहले
2 मिनट पठन

ऋषिकेश। नेपाली फार्म के निकट स्थित अनिल फार्म में आरोग्य गरबा एवं डांडिया उत्सव-2026, सीजन-2 का आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे इस उत्सव में प्रतिभागियों ने गरबा एवं डांडिया के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य और सामाजिक एकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं पूर्व ग्राम प्रधान चमन सिंह पोखरियाल, अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के संस्थापक एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऋषिकेश के अध्यक्ष दिनेश पैन्यूली ने मां भगवती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भारतीय परंपराओं के संरक्षण और सांस्कृतिक आयोजनों में जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया गया।


उत्सव के दौरान आयोजित गरबा एवं डांडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले टीम के कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं और लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी सहयोग, सौहार्द और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की।


कार्यक्रम का संयुक्त संचालन अमित राणा, अंजना रतूड़ी एवं ललिता रावत ने किया। कार्यक्रम संयोजक आराधना एवं अभिषेक रांगड़ के संयोजन में आयोजित इस उत्सव ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।


कार्यक्रम की सफलता में सुभाष भट्ट, आयुषी नेगी, प्रियांशु रांगड़, कुणाल सुम्भ, विशेषा रावत, समीक्षा पैन्यूली, शालिनी पंवार तथा मीडिया प्रभारी सौरव सिंह ने सहयोग किया। उत्सव ने क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और सामाजिक एकता का संदेश देने का कार्य किया।

 
 
bottom of page