top of page

जनमानस की सुरक्षा सर्वोपरि: डीएम सविन बंसल ने विभागों को किया अलर्ट मोड पर

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 11 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

देहरादून। जनपद में सड़क एवं निर्माण कार्यों के दौरान हो रही दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की क्यूआरटी ने अपर तुनवाला क्षेत्र में एक बुजुर्ग के चोटिल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में स्थित सिंचाई विभाग की पूर्वनिर्मित नहर की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। नहर सड़क से लगभग डेढ़ फीट ऊंचाई पर पेवमेंट के रूप में निर्मित है। सफाई कार्य के दौरान विभिन्न स्थानों से स्लैब हटाए गए थे, लेकिन मौके पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई और न ही चेतावनी संकेतक लगाए गए।

बताया गया कि कोहरे के कारण मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग खुले स्लैब को देख नहीं पाए और नहर में गिरकर घायल हो गए। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट किया गया है कि उक्त घटना सीवर लाइन निर्माण कार्य से संबंधित नहीं है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी विभागों, कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि निर्माण अथवा सफाई कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। यदि कटिंग की गई सड़कों या कार्यस्थलों पर दुर्घटना होती है तो संबंधित विभागों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि निर्माण एवं रखरखाव कार्यों के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि जनमानस की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में सीवर पाइपलाइन डाले जाने के उपरांत सड़क का प्राथमिक रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा वर्तमान में वहां कोई रोड कटिंग कार्य संचालित नहीं है।

 
 
bottom of page