top of page

इन्दिरेश चरण दास जी की स्मृति में सेवा का संकल्प, संगतों ने रक्तदान कर निभाई मानवता की परंपरा

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 1 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन

देहरादून। परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज के महानिर्वाण दिवस पर बुधवार को श्री दरबार साहिब में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने अपने पूज्य गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए सेवा, समर्पण और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

श्री दरबार साहिब के पूजनीय सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री झण्डे जी पर विशेष पूजा-अर्चना कर समस्त मानव जाति के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा अपने गुरु परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का स्मरण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। परिसर में लंगर, प्रसाद एवं शबील का वितरण भी किया गया।

महानिर्वाण दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए श्री दरबार साहिब परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संगतों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 101 यूनिट रक्तदान किया। श्रद्धालुओं ने इसे अपने पूज्य गुरु को सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया।

इस अवसर पर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित देश-विदेश से पहुंची संगतों ने गुरु महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित की। पूरे परिसर में गुरु भक्ति, सेवा भावना और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि महानिर्वाण दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि गुरु की शिक्षाओं को आत्मसात कर सेवा, प्रेम, परोपकार और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का पर्व है।

 
 
bottom of page