top of page

मास्टर टीम ने लगाया चुनाव प्रभावित करने का आरोप, दिल्ली चुनाव में पहुंचेगी टीम, जानिए क्यों

लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
Uttarakhandnews Network
28 जन॰ 2025
2 मिनट पठन


ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश में निर्दलीय चुनाव लड़े मास्टर दिनेश चंद की टीम ने भाजपा पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुख्ता सबूत हाथ लगने पर कोर्ट जाने की चेतावनी भाजपा को दी है। इसके अलावा पहाड़ी मूल के लोगों को गाली देने के मामले में भाजपा के द्वारा कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। प्रतिक्रिया नहीं आने पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में पहाड़ी मूल के लोगों को भाजपा के खिलाफ खड़ा करने की चेतावनी भी दी है।

नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े मास्टर दिनेश चंद के साथियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मास्टर की टीम में शामिल सुधीर राय ने कहा कि भाजपा ने धन बल के साथ तंत्र का प्रयोग कर चुनाव को प्रभावित किया है। पहले पहाड़ी मूल के लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए। फिर 23 जनवरी को धीमी गति से मतदान कराया। बिना पुलिस सुरक्षा के मत पेटियों को स्ट्रांग रूम भेजने का काम किया। मतगणना वाले दिन वोटो की गिनती को भी धीमी गति से कराया। शाम के समय पुलिस कप्तान और डीएम को मौके पर बुलाकर क्षेत्र का माहौल बिगड़ा। इसके अलावा भाजपा की चुनावी रैली में और चुनाव जीतने के बाद फिर से गढ़वाली समुदाय को गंदी गाली दी। जिस पर भाजपा के किसी भी पदाधिकारी ने कोई भी प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की। जिससे पहाड़ी समुदाय का लोग आहत हुआ है।

सुधीर राय ने कहा कि धनबल और शराब के बल पर भाजपा चुनाव लड़ेगी यह तो उन्हें पता था। लेकिन तंत्र का उपयोग इस कदर होगा इसकी उन्हें भनक नहीं लगी। चुनाव को प्रभावित करने के जैसे ही पुख्ता सबूत मिलेंगे मास्टर दिनेश चंद की टीम फिर कोर्ट जाएगी। इसके अलावा पहाड़ी समुदाय को गाली देने के मामले में यदि भाजपा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो दिल्ली विधानसभा चुनाव में गढ़वाली मूल के लोगों को एकत्रित कर भाजपा के खिलाफ काम किया जाएगा।


मौके पर मेयर प्रत्याशी दिनेश चंद्र मास्टर, सतीश रावत, संजय सकलानी, किशोर गॉर्ड, लालमणि रतूड़ी, नवीन बहुगुणा, सरोज देवराडी आदि मौजूद रहे।

bottom of page