top of page

मातृशक्ति का हुनर, पहाड़ की संस्कृति और भक्ति का संगम; ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026 का होगा भव्य आगाज!

लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
Uttarakhandnews Network
3 घंटे पहले
2 मिनट पठन

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और महिला प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहली बार ‘ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। गढ़ महिला उत्थान समिति की ओर से 15 नवंबर को हरिद्वार रोड स्थित खैरी खुर्द के अनिल फार्म में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 50 से अधिक कीर्तन मंडलियां प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में मातृशक्ति पारंपरिक वेशभूषा और क्षेत्रीय भाषाओं में भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।


समिति की उपाध्यक्ष संगीता राणा और सचिव कृष्णा रमोला ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक पहनावे, लोकभाषा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति हमारी संस्कृति और संस्कारों की मजबूत वाहक है। महिलाओं के माध्यम से भजन-कीर्तन की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


समिति की सांस्कृतिक सचिव शशि रावत और प्रशिक्षण सचिव ईशा चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में सभी कीर्तन मंडलियों को पांच समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक मंडली को अपनी पसंद का भजन प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट दिए जाएंगे। निर्णायक मंडल वेशभूषा, गायन, सुर-ताल और अनुशासन के आधार पर अंक प्रदान करेगा। इस चरण से 20 श्रेष्ठ मंडलियों का चयन किया जाएगा।


दूसरे चरण में चयनित 20 मंडलियां प्रादेशिक भाषा में भजन प्रस्तुत करेंगी। प्रत्येक मंडली को तीन मिनट का समय मिलेगा। इस चरण के प्रदर्शन के आधार पर पांच मंडलियां अंतिम चरण में प्रवेश करेंगी। अंतिम चरण में निर्णायक मंडल की ओर से दिए गए विषय पर प्रत्येक मंडली को पांच मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। इसके बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के साथ दो सांत्वना पुरस्कार घोषित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल सभी मंडलियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


कार्यक्रम का आयोजन 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से होगा। सभी प्रतिभागी मंडलियों के लिए सुबह नौ बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। कार्यक्रम संचालक अलका क्षेत्री और कोषाध्यक्ष उमा ओबरॉय ने सभी प्रतिभागी मंडलियों से पूरी तैयारी, उत्साह और भक्तिभाव के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है।


समिति पदाधिकारियों ने कहा कि ‘ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026’ के माध्यम से भक्ति संगीत और क्षेत्रीय संस्कृति को नई पहचान देने के साथ महिला प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर कीर्तन मंडलियों में उत्साह है।

 
 
bottom of page