top of page

स्वच्छ उत्तराखंड की बुलंद तस्वीर, रुद्रपुर-काशीपुर की उपलब्धि से शहरी विकास विभाग का बढ़ा मान

लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
Uttarakhandnews Network
4 घंटे पहले
2 मिनट पठन

देहरादून। स्वच्छता के राष्ट्रीय अभियान में उत्तराखंड ने एक बार फिर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में रुद्रपुर नगर निगम ने स्वच्छ हिमालयन सिटी श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया है, जबकि काशीपुर नगर निगम ने उत्तराखंड की स्वच्छ सिटी श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश में अपनी बादशाहत कायम की है। दो नगर निगमों की इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है, बल्कि शहरी विकास विभाग उत्तराखंड की स्वच्छता संबंधी योजनाओं, प्रयासों और कार्यप्रणाली को भी राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।


भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण देश के शहरी निकायों की स्वच्छता व्यवस्था का व्यापक मूल्यांकन करता है। इसमें कूड़ा संग्रहण से लेकर कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आम नागरिकों की सहभागिता तक विभिन्न मानकों पर शहरों के प्रदर्शन को परखा जाता है। ऐसे चुनौतीपूर्ण सर्वेक्षण में उत्तराखंड के दो शहरों का शीर्ष स्थान हासिल करना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।


---रुद्रपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर गाड़ा सफलता का झंडा


स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की स्वच्छ हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर नगर निगम ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति के हाथों रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग उत्तराखंड के निदेशक विनोद गोस्वामी और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी को सम्मानित किया गया। रुद्रपुर की इस उपलब्धि ने उत्तराखंड के शहरी निकायों की कार्यक्षमता और स्वच्छता प्रबंधन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है।


---काशीपुर ने प्रदेश में हासिल किया पहला मुकाम


वहीं काशीपुर नगर निगम ने स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ उत्तराखंड श्रेणी में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए महापौर दीपक बाली, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के एमएनए रवींद्र बिष्ट और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के राज्य मिशन मैनेजर मनोज पांडे को सम्मानित किया गया।


---शहरी विकास उत्तराखंड के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान


रुद्रपुर और काशीपुर की उपलब्धियां केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह स्वच्छता व्यवस्था को जनआंदोलन बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता भी दर्शाती हैं। घर-घर कूड़ा संग्रहण, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इन दोनों शहरों को यह मुकाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


इस उपलब्धि में नगर निगमों के महापौर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सबसे महत्वपूर्ण सफाई मित्रों के योगदान को अहम माना जा रहा है। शहरी विकास विभाग उत्तराखंड ने इस सफलता पर दोनों नगर निगमों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है।


दो शहरों की यह सफलता उत्तराखंड के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर रुद्रपुर का पहला स्थान और प्रदेश में काशीपुर की बादशाहत ने यह संदेश दिया है कि बेहतर प्रबंधन, मजबूत इच्छाशक्ति और जनसहभागिता के दम पर छोटे-बड़े शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

 
 
bottom of page