श्री दरबार साहिब से जनसेवा का संदेश, कोश्यारी ने एसएमआई अस्पताल के कार्यों को सराहा
देहरादून। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका और सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न समसामयिक विषयों पर दोनों के बीच सार्थक चर्चा हुई।
श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार भगत सिंह कोश्यारी का स्वागत किया गया। भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज का स्मृति चिह्न भेंट किया। कोश्यारी ने श्री गुरु राम राय ग्रुप की ओर से शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने विशेष रूप से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और जनसेवा कार्यों की प्रशंसा की। आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने में अस्पताल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के उपचार का 128 करोड़ रुपये से अधिक का लंबित भुगतान भी चर्चा का प्रमुख विषय रहा। भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि सरकार बजट की व्यवस्था कर रही है और अस्पताल की बकाया राशि का जल्द भुगतान किया जाएगा। उन्होंने लंबित भुगतान से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी किए जाने का आश्वासन दिया।
कोश्यारी ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और एसजीआरआर एजुकेशन मिशन की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संस्थान लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री गुरु राम राय ग्रुप का मूल उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्थान जनकल्याण और मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।







