top of page

नगर निगम की अनदेखी से बढ़ा बंदरों का आतंक, लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 4 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के हरिद्वार रोड स्थित उग्रसेन नगर वार्ड संख्या-22 और ऋषि एवेन्यू सोसायटी में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती संख्या से स्थानीय लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।


स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने बताया कि पिछले एक माह से क्षेत्र में बंदरों की आमद लगातार बढ़ी है। बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं तथा छतों पर सुखाए गए कपड़ों को फाड़ने और इधर-उधर बिखेरने जैसी घटनाएं भी आम हो गई हैं। इसके अलावा बंदर बिजली और वाई-फाई की केबल लाइनों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।


उन्होंने बताया कि कई बार बंदर राह चलते लोगों के हाथों में पकड़े सामान के थैलों पर झपट्टा मार देते हैं और कुछ मामलों में लोगों पर हमला करने की कोशिश भी कर चुके हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि क्षेत्र के बुजुर्ग अब घरों के बाहर भी हाथ में डंडा लेकर बैठने को मजबूर हैं। वहीं सुबह-शाम टहलने जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों और स्कूल-ट्यूशन आने-जाने वाले बच्चों में भी हर समय डर बना रहता है।


डॉ. नेगी ने बताया कि उग्रसेन नगर वेलफेयर कल्याण समिति की ओर से पिछले माह नगर निगम ऋषिकेश को शिकायती पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में शीघ्र पिंजरे लगाकर बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

 
 
bottom of page