स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी में जुटा शहरी विकास विभाग, प्रदेशभर में वृहद सफाई अभियान जारी
- Uttarakhandnews Network
- 2 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन
देहरादून। राज्य के सभी नगर निकायों में शहरी विकास विभाग के तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान बुधवार को भी जारी रहा। यह अभियान आगामी 13 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत शहरों को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विभाग द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर सभी निकायों को उपलब्ध कराई गई है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
अभियान के पहले दिन सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों, बस व रेलवे स्टेशनों तथा ऑटो रिक्शा स्टैंडों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। वहीं दूसरे दिन नाला-नालियों, प्रमुख बाजारों और जल स्रोतों के आसपास सफाई कार्य किया गया। इस दौरान लोगों को स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, खुले में कचरा न फेंकने तथा कूड़ा केवल निर्धारित वाहनों में डालने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही स्कूलों में स्वच्छता संबंधी जानकारी एवं शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के पहले दिन राज्यभर में करीब 7700 लोगों ने भाग लिया, जबकि 190 स्कूलों एवं कार्यालयों के साथ-साथ 640 सार्वजनिक स्थलों, मार्गों और बाजारों में सफाई अभियान संचालित किया गया। यह अभियान आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के दृष्टिगत भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वच्छता अभियान के दूसरे दिन 115 प्रमुख बाजारों एवं 220 नाला-नालियों की सफाई की गई। वहीं तीसरे दिन पार्कों, महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं के आसपास तथा धार्मिक स्थलों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।







