श्री दरबार साहिब में आशीर्वाद के साथ सरकार का वादा—हरसंभव मदद को तैयार
- Uttarakhandnews Network
- 4 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन
देहरादून। राज्य सरकार जल्द ही विभिन्न अनुबंधित स्वास्थ्य योजनाओं के तहत ₹100 करोड़ से अधिक की बकाया राशि का भुगतान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को करेगी। यह जानकारी समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने श्री दरबार साहिब में दर्शन के दौरान दी।
मंत्री खजान दास ने कहा कि जहां कई अस्पतालों ने आयुष्मान, गोल्डन कार्ड और ईएसआई जैसी योजनाओं के अंतर्गत सेवाएं बंद कर दी थीं, वहीं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने निरंतर सेवाएं जारी रखकर सरकार का सहयोग किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार भी अस्पताल को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
बुधवार को मंत्री खजान दास ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच प्रदेश के समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक कल्याण जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर श्री दरबार साहिब द्वारा राजपुर स्थित माँ अम्बिका देवी मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य की मंत्री ने खुलकर सराहना की। परंपरा के अनुसार मंत्री का भव्य स्वागत भी किया गया।
मंत्री ने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वहीं, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद यह खजान दास का श्री दरबार साहिब का पहला दौरा रहा। इस मौके पर उन्होंने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वृद्धजन, दिव्यांगजन, महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए संचालित योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।







