top of page

‘शीर्ष नेतृत्व के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे’— ऋषिकेश में भाजपा का विरोध प्रदर्शन

  • लेखक की तस्वीर: Uttarakhandnews Network
    Uttarakhandnews Network
  • 1 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन

ऋषिकेश, शनिवार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में ऋषिकेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा श्यामपुर मंडल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रेलवे फाटक के निकट जोरदार प्रदर्शन करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शिष्टाचार बनाए रखना आवश्यक है।


मौके पर मौजूद भाजपा जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश और विदेश में सम्मान प्राप्त होता है तथा विपक्ष के जिम्मेदार नेताओं को भी अपनी भाषा और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणियां स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद को कमजोर करती हैं।


कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने इसे शीर्ष नेतृत्व के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार विरोध दर्ज कराने की बात कही।


कार्यक्रम में चंद्र मोहन पोखरियाल (मंडल अध्यक्ष), पुष्पा ध्यानी (जिला उपाध्यक्ष), सत्यपाल राणा, पंकज जुगलान (मंडल महामंत्री), जितेंद्र पोखरियाल (जिला महामंत्री ओबीसी मोर्चा), विमल चंद, अमनप्रीत सिंह, पूनम व्यास, सुप्रिया शर्मा, कमला नेगी, प्रदीप धस्माना, राज राणा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 
 
bottom of page